“जहाँ चाह, वहाँ राह: द्वारा गांव के युवा रोल मॉडल और उनका वर्दी का सफर
सीमा रावत (देहरादून )
ग्राम द्वारा की शान – अरुण नेगी और कल्पना रमोला को हार्दिक शुभकामनाएं
आज का दिन ग्राम सभा द्वारा के लिए अत्यंत गर्व और आनंद का क्षण है। हमारे गांव के होनहार युवा अरुण नेगी को उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) में रैंक 12 और कल्पना रमोला को उपनिरीक्षक (अभिसूचना) में रैंक 26 के साथ चयनित होने पर ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
अरुण नेगी और कल्पना रमोला — ये दो नाम अब सिर्फ हमारे गांव के नहीं रहे, बल्कि पूरे राज्य के युवाओं के लिए एक प्रेरणा स्रोत बन चुके हैं। हाल ही में हुए उपनिरीक्षक परीक्षा परिणामों में, अरुण ने नागरिक पुलिस में रैंक 12, और कल्पना ने अभिसूचना विभाग (इंटेलिजेंस) में रैंक 26 हासिल कर, यह सिद्ध कर दिया कि अगर मेहनत सच्चे मन से की जाए तो कोई भी सपना अधूरा नहीं रहता।
संघर्ष से सफलता तक
एक समय था जब हमारे गांव के अभिभावक और युवा संदेह में रहते थे — कि क्या मेहनत का फल मिलेगा भी या नहीं? सुविधाओं की कमी, संसाधनों की चुनौतियां, और बड़े शहरों से प्रतिस्पर्धा… सब कुछ होते हुए भी हमारे युवाओं ने हार नहीं मानी।
अरुण और कल्पना, मैं आपको बचपन से जानती हूँ। अरुण मेरे सहपाठी रहे हैं और कल्पना हमारी जूनियर। बचपन से ही इनकी आंखों में कुछ अलग चमक थी — एक उद्देश्य, एक जूनून। आर्थिक रूप से सामान्य परिवारों से होने के बावजूद, आपने कभी हालात को बहाना नहीं बनने दिया। आपने साबित कर दिया कि जुनून, अनुशासन और मेहनत से कोई भी मंज़िल दूर नहीं होती।
द्वारा गाँव की नई पहचान
यह वर्ष द्वारा गांव के लिए सफलता का वर्ष रहा है –
-
अजय नेगी – ग्राम विकास अधिकारी
-
किरण राणा – ब्लॉक अधिकारी
और अब -
अरुण नेगी – उपनिरीक्षक (Civ. Police)
-
कल्पना रमोला – उपनिरीक्षक (Intelligence)
इन सभी युवाओं ने ग्राम द्वारा को गौरवांवित किया है। यह हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रकाश स्तंभ। इन चारों ने हमारे गांव का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है। यह उपलब्धियाँ न केवल उनके लिए, बल्कि उन सैकड़ों युवाओं के लिए भी एक उम्मीद की किरण हैं जो आज भी गांव की गलियों में बड़े सपने पलकों में लिए मेहनत कर रहे हैं।
कठिनाइयों के बीच आशा की लौ
द्वारा गांव देहरादून के इतने पास होते हुए भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। बच्चों को पढ़ाई के लिए कई बार लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, इंटरनेट की सुविधा सीमित है, और संसाधनों की कमी हमेशा साथ रही है। मगर इन सबके बीच, यह सफलता एक संदेश देती है — अगर इरादा मजबूत हो, तो राहें खुद बन जाती हैं।
एक नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा
अरुण और कल्पना की सफलता न केवल उनके परिवारों के लिए बल्कि पूरे गांव के लिए उत्सव है। यह पल आने वाली पीढ़ियों को बताता है कि:
“हमें किसी बड़े शहर का हिस्सा बनने की ज़रूरत नहीं, हमें अपने गांव को बड़ा बनाना है।”
अरुण नेगी, कल्पना रमोला और उनके परिवारों को दिल से ढेर सारी शुभकामनाएँ और आशीर्वाद। आप दोनों की यह उड़ान अनगिनत बच्चों के लिए एक आसमान तैयार कर रही है।

👌👌 Congratulations my Little Champs 💐💐 its feeling proud, God bless you and all the best for your future journey💐💐✨️✨️
Seema Rawat is also a very bright Student and Honour for the Village. She is also a successful, hardworking media person, blogger and proud of the village…All the best👍👍💐💐
गांव की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद इनका सफल होना हम सभी के लिए गर्व का विषय है।